2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार की पुनः स्थापना के लिए कार्यकर्ताओं को जुटाने की दिशा में बैठक
अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने आज जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी कार्यकारणी की एक विशेष बैठक में अपने आगामी चार साल के राजनैतिक लक्ष्य के बारे में कार्यकर्ताओं से चर्चा की। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार को पुनः स्थापित करना है।
बैठक में कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश की सहप्रभारी श्रीमति जरीता लैतफलांग भी उपस्थित थीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी नगरीय और पंचायत चुनावों के एजेंडे पर विस्तार से बताया और कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता किसी भी चुनाव को लडने और जीतने के लिए पूरी तरह सक्षम है। उनका कहना था कि संगठन को इस प्रकार से तैयार किया जा रहा है कि 2018 की जीत को फिर से दोहराया जाएगा।
यह भी पढेंः-अमरजीत भगत और रामकुमार टोप्पो के बीच प्रहरी भर्ती पर जुबानी जंग

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संदेश:
पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने बैठक में कहा कि भाजपा सरकार के तहत कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खिलाफ दुर्भावना से कारवाई की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि आगामी नगरीय और पंचायत चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए उन्हें पूरी तरह से तैयार रहना चाहिए। श्री सिंहदेव ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार, मुख्यमंत्री और विधायक कांग्रेस द्वारा किए गए कार्यों का श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस उन्हें अपने कार्यों का श्रेय लेने नहीं देगी।
किसान विरोधी भाजपा सरकार:
बैठक में पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने भाजपा सरकार की किसान नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी की गारंटी दी थी, लेकिन अब 1 साल बाद भाजपा सरकार 2300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी कर रही है, जो किसानों के साथ धोखा है।